3 ट्रकों में जबरदस्त टक्कर, 2 की मौके पर मौत:जगदलपुर-बीजापुर NH163 पर हुआ हादसा, गीदम पुलिस ने घायलों को भेजा अस्पताल
छ्त्तीसगढ़ के जगदलपुर-बीजापुर नेशनल हाईवे 163 पर एकाएक 3 ट्रकों की टक्कर हो गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कुछ लोग गंभीर रूप से घायल हैं। फिलहाल मृतक और घायलों की पहचान नहीं हुई है। पूरा मामला गीदम थाना क्षेत्र का है।
बताया जा रहा है कि एक ट्रक गीदम से जगदलपुर की तरफ जा रहा था, वहीं दूसरा ट्रक जगदलपुर से गीदम की तरक आ रहा था। पहले इन दोनों की टक्कर हुई, जिसके बाद इनके ठीक पीछे एक और ट्रक था, अनियंत्रित होकर वो भी इनसे भिड़ गया।
हादसे में ट्रकों के परखच्चे उड़े
राहगीरों के मुताबिक हादसा इतना जबरदस्त था कि ट्रकों के परखच्चे उड़ गए। मौके पर ही दो लोगों ने दम तोड़ दिया। वहीं पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और घायलों को मौके से निकालकर अस्पताल पहुंचाया है। वहीं शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
मार्ग को बहाल कर रही पुलिस
थाना प्रभारी धनंजय सिन्हा समेत अन्य जवान मौके पर पहुंचे। फिलहाल पुलिस की टीम मार्ग को बहाल करने की कोशिश कर रही है। वहीं हादसे के बाद वहां चीख-पुकार मच गई है


