पुसल्दा में फसल रौंद एडूकला की ओर बढ़े 57 हाथी
रायगढ़: तीन दिन से छाल के पुसल्दा में 57 हाथियों का दल आतंक मचाने बाद एडूकला जंगल की आगे बढ़ गई है। छाल वन क्षेत्र में हाथियों का आतंक थम नहीं रहा है। 12 से ज्यादा किसानों के खेत में फसल नुकसान पहुंचाने के बाद हाथियों का दल एडूकला की और बढ़ रहे हैं। छाल रेंज के बड़ा जंगल बोजिया में हाथी होने की सूचना मिली है। वे यहां से धरमजयगढ़ की ओर जा सकते हैं। हालांकि किसानों की फसल नुकसान का आंकलन वन विभाग कर रहा है। वहीं जमीन स्तर पर तैनात कर्मचारी लोगों को जंगल की ओर नहीं जाने के लिए मुनादी करा रहे हैं।
दिन भर जंगल में रहने के बाद हाथियों का दल गांव की ओर खाने की तलाश में पहुंच रहे हैं। किसान अपने खेतों की सुरक्षा के लिए आग जलाकर रखवाली भी कर रहे हैं। छाल के बाद एडू क्षेत्र के जंगल किनारे बसे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि 57 हाथियों के दल में ज्यादातर शावक हैं, जिनकी सुरक्षा को लेकर मादा और नर हाथी एक साथ घूम रहे हैं। जानकारी के अनुसार एडूनाला से होते हुए धरमजयगढ़ की ओर दल विचरण कर सकते हैं।






