बिलासपुर 14 अप्रैल ( आरएनएस) सिविल लाइन पुलिस ने अवैध जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल महावीर में दबिश दी और जुआ खेलते 8 लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से 1 लाख 44 हजार रुपये नगद भी बरामद किए। इस मामले में जुआरियों के साथ होटल संचालक को भी आरोपी बनाया गया है। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि होटल महावीर के कमरा नंबर 215 में जुआ खेला जा रहा है। सूचना के आधार पर एसीसीयू और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान कमरे में मौजूद सभी 8 आरोपियों को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में कस्तूरबा नगर निवासी महेश सिंह (38), हीरालाल पाल (41), अक्की जायसवाल (28), छोटू सिंह (20), संदेश मसीह (40), अनिल कुमार वर्मा (30), आकाश भोई (39) तथा शांति नगर निवासी विशाल छाबड़ा (40) शमिल हैं। जांच में सामने आया कि जुआ खेलने के लिए होटल का कमरा किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर बुक कराया गया था। पुलिस के अनुसार होटल संचालक एस. के. सिन्हा को इस अवैध गतिविधि की पूरी जानकारी थी। इसके चलते पुलिस ने संचालक को भी मामले में आरोपी बनाया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिबंध अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


