सिंहदेव-बघेल को नई जिम्मेदारियां:आलाकमान के नए आदेशों का मतलब प्रदेश के दिग्गजों के अनुभव का लाेकसभा चुनाव में होगा इस्तेमाल
छत्तीसगढ़ कांग्रेस सरकार जाने के बाद दिग्गज नेताओं का क्या होगा ? यह चर्चा हर जगह हो रही है। मगर कांग्रेस पार्टी आलाकमान ने हाल ही में कुछ ऐसे आदेश जारी किए जिससे यह इशारा मिलता है कि दिग्गजों के अनुभव का इस्तेमाल आने वाले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी करने जा रही है। हालिया जारी आदेशों में पार्टी सिंहदेव-बघेल को आगामी लोकसभा चुनावों के मद्दे नजर जिम्मा दिया है।
शुक्रवार को जारी हुए ताजा आदेश में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री पूर्व उपमुख्यमंत्री स सिंह देव को कांग्रेस ने राष्ट्रीय घोषणा पत्र समिति का संयोजक नियुक्त किया है। सिंहदेव सीधे तौर पर उस प्लानिंग का हिस्सा होंगे जिसमें कांग्रेस लोकसभा चुनाव को लेकर अपना घोषणा पत्र तैयार करेगी।
इससे पहले एक और आदेश जारी किया गया था, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को भी कांग्रेस ने अपनी नेशनल टीम में शामिल किया है। भूपेश बघेल को लेकर जारी किए गए आदेश में उन्हें आने वाले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने राष्ट्रीय गठबंधन समिति का सदस्य बनाया है। इस समिति में भूपेश बघेल के अलावा राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस के बड़े नेता सलमान खुर्शीद, मोहन प्रकाश मुकुल वासनिक भी शामिल हैं।
बड़े नेताओं के बीच सिंहदेव को अहमियत
घोषणा पत्र की जिस टीम में सिंहदेव को जगह मिली है। उसमें प्रियंका गांधी वाड्रा, शशि थरूर, जयराम रमेश, आनंद शर्मा जैसे बड़े नेता भी शामिल हैं। मगर संयोजक सिंहदेव को बनाया गया है। बाकी के बड़े नेता इस कमेटी में सिर्फ सदस्य के पद पर हैं।
पिछली सरकार लाने में घोषणापत्र अहम
दरअसल 2018 तक 15 साल तक सत्ता में रही भाजपा को हटाने के लिए कांग्रेस पूरी ताकत लगाए हुई थी। छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने घोषणा पत्र तैयार करने की जिम्मेदारी सिंहदेव को ही दी थी। माना जाता है कि कांग्रेस के 2018 के चुनाव को जीतने के पीछे अहम रोल घोषणा पत्र का भी था। जो वादे कांग्रेस ने किए थे वोटर को लुभाने में कामयाब रहे। बहुत से वादे पूरे भी हुए इसलिए अब लोकसभा चुनाव में घोषणा पत्र तैयार करने में सिंहदेव के अनुभव का फायदा कांग्रेस उठाना चाहती है।