
. सुरेश सिंह बैस -बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक बदमाश ने मामूली विवाद में ऑटो ड्राइवर पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में ड्राइवर खून से लथपथ होकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घटना के कुछ ही देर बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घटना कुदुदंड स्थित 27 खोली की है। यहां के निवासी राजा सिंह ठाकुर उम्र 21 वर्ष ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता है। गुरुवार शाम राजा ने अपनी ऑटो गली में खड़ी की थी। जब वह ऑटो चलाने निकला, तो मंगला के धुरीपारा निवासी अरविंद पटेल ऑटो में स्टेयरिंग पर पैर अड़ाकर बैठा था। राजा ने उसे ऐसा करने से मना किया, जिस पर अरविंद गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ने पर अरविंद ने अपने पास रखे चाकू से राजा के गले पर हमला कर दिया। चाकू लगने से राजा खून से लथपथ होकर वहीं गिर गया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। राजा की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। घटना के बाद आरोपी अरविंद पटेल मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सिविल लाइन थाना प्रभारी एसआर साहू के नेतृत्व में पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।




