बिलासपुर।नगर निगम बिलासपुर के वार्ड क्रमांक 65 अंतर्गत बंधवापारा, सरकंडा, जंजी तालाब के समीप इन दिनों गंभीर जलभराव की समस्या से क्षेत्रवासी जूझ रहे हैं। हल्की बारिश के बाद ही गलियों और सड़कों पर गंदा पानी भर जाता है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है।
नालियों की बदहाली और तालाब ओवरफ्लो बना परेशानी की जड़
स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र की नालियां वर्षों से जाम हैं, कई स्थानों पर नालियों से गंदा पानी सीधे सड़क पर बह रहा है। जंजी तालाब के आसपास जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी मोहल्ले में फैल जाता है। घरों के सामने घुटनों तक पानी भर जाने से लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है।जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई घरों में पानी घुसने से घरेलू सामान भी खराब हो रहा है।क्षेत्रवासियों का आरोप है कि समस्या को लेकर नगर निगम और जनप्रतिनिधियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। बारिश के मौसम में हर साल यही स्थिति बनती है, फिर भी स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।निवासियों ने जिला प्रशासन और नगर निगम आयुक्त से मांग की है कि तत्काल प्रभाव से नालियों की सफाई कराई जाए, जल निकासी की उचित व्यवस्था की जाए और जंजी तालाब के ओवरफ्लो की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि लोगों को इस गंभीर समस्या से राहत मिल सके।


