मितानिन बहनें ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत रीढ़, उनके सेवाभाव और समर्पण को किया नमन; अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता : डॉ. संपत अग्रवाल
खेमराज साहू/पिथौरा/27 नवम्बर 2026/ ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने, आमजन को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से पिथौरा के मंगल भवन में ‘स्वस्थ पंचायत सम्मेलन एवं स्वास्थ्य मेला’ का भव्य आयोजन किया गया। ‘स्वस्थ समाज-स्वच्छ गांव-समृद्ध भारत’ के संकल्प के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि स्वस्थ समाज की नींव स्वस्थ नागरिकों से तैयार होती है। इसके लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जनजागरूकता भी आवश्यक है। जब गांव का प्रत्येक नागरिक स्वस्थ होगा और हर परिवार स्वच्छता के प्रति जागरूक रहेगा, तभी सशक्त एवं समृद्ध भारत का सपना साकार हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के साथ समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण और बीमारियों की शुरुआती पहचान पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। स्वस्थ पंचायत सम्मेलन एवं स्वास्थ्य मेला जैसे आयोजन ग्रामीणों को स्वास्थ्य विभाग से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इससे लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेने, आवश्यक जांच कराने और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का समाधान प्राप्त करने का अवसर मिलता है।
विधायक डॉ. अग्रवाल ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। आर्थिक कठिनाई, जानकारी के अभाव अथवा सुविधाओं की कमी के कारण कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति उपचार से वंचित न रहे। इसके लिए जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों और मैदानी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।
मितानिन बहनें ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत रीढ़
ग्रामीण क्षेत्रों में मितानिन बहनों की भूमिका की सराहना करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि मितानिन बहनें ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत रीढ़ हैं। वे गांव-गांव में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने, जरूरतमंदों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने और शासन की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उनका सेवाभाव, समर्पण और निरंतर जनसेवा समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने मितानिन बहनों के अमूल्य योगदान को नमन करते हुए सभी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने उपस्थित ग्रामीणों एवं स्वास्थ्य कर्मियों से आत्मीय संवाद किया तथा स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। स्वास्थ्य मेले में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाया।
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष पिथौरा ऊषा पुरुषोत्तम धृतलहरे, जनपद सदस्य एवं विधायक प्रतिनिधि पुरुषोत्तम धृतलहरे, विधायक के निज सचिव नरेंद्र बोरे, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक जयकांत विश्वकर्मा, महिला एवं बाल विकास विभाग से पूजा रानी, मुरली यदुराज सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, मितानिन बहनें एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।





