पेंड्रा निवासी भारतीय युवक ने अमेरिकी युवती से रचाई शादी
बिलासपुर। पेंड्रा नगर के एक युवक ने गुरुवार को अमेरिकी युवती से भारतीय परंपराओं के अनुसार विवाह कर अंतर्राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक समन्वय की मिसाल पेश की।
अमरकंटक में भारतीय रीति-रिवाजों से संपन्न हुआ विवाह
यह विवाह अमरकंटक स्थित नर्मदे आनंदम रिसॉर्ट में विधि-विधानपूर्वक संपन्न हुआ।
जहां पेंड्रा निवासी रमेश साहू के पुत्र अंकित साहू ने अमेरिका की कायला से विवाह किया। अंकित साहू इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए अमेरिका के मिलवोकी गए थे। पढ़ाई पूरी करने के बाद वे एक प्रतिष्ठित कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं। इसी दौरान उनकी मुलाकात कायला से हुई, जो अमेरिका की एक कंपनी में मैकेनिकल इंजीनियर के रूप में पार्ट्स डिजाइनिंग का काम करती हैं। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम हो गया और दोनों ने आपसी सहमति से विवाह का निर्णय लिया, और 5 फरवरी को उनका विवाह भारतीय पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ।
अमेरिका से पहुंचे लड़की के परिजन
इस अवसर पर वधू पक्ष से लगभग डेढ़ दर्जन परिजन अमेरिका से अमरकंटक पहुंचे थे, वहीं वर पक्ष से भी बड़ी संख्या में रिश्तेदार और शुभचिंतक मौजूद रहे। समारोह हर्षोल्लास, उल्लास और उत्साह के वातावरण में संपन्न हुआ।
बना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय
भारतीय युवक और अमेरिकी मूल की युवती के इस विवाह की सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा हो रही है। लोग इस विवाह की सराहना कर रहे हैं और इसे भारतीय संस्कृति की वैश्विक स्वीकार्यता का प्रतीक बता रहे हैं। समारोह के दौरान विदेशी मेहमानों और नवविवाहित जोड़े के साथ तस्वीरें लेने के लिए लोगों में खासा उत्साह देखा गया।


