रायपुर, 10 फरवरी 2026। शहर में संभावित गंभीर अपराध को अंजाम देने से पहले ही रायपुर कमिश्नरेट के नॉर्थ ज़ोन पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए तीन संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार कर लिया। चारपहिया वाहन के शीशे तोड़ने की घटना को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए स्वतः संज्ञान में कार्रवाई की और आरोपियों पर प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कदम उठाया।
पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ ज़ोन) मयंक गुर्जर के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम एवं सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में नॉर्थ ज़ोन क्षेत्र में असामाजिक तत्वों, गुंडा-बदमाशों, चाकूबाजों और संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 05-06 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात, थाना गुढ़ियारी क्षेत्र के रामनगर वार्ड क्रमांक 024 में कुछ संदिग्ध व्यक्तियों द्वारा एक चारपहिया वाहन के शीशे तोड़े जाने की सूचना मिली। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी नॉर्थ ज़ोन ने स्वयं संज्ञान लेते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी गुढ़ियारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पतासाजी के बाद तीन आरोपियों—धनेश्वर सोनवानी, शिव सिंह ठाकुर एवं उकेश बघेल को धर दबोचा। पुलिस के अनुसार, आरोपी किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन समय रहते कार्रवाई से बड़ी घटना टल गई।
तीनों आरोपियों के विरुद्ध थाना गुढ़ियारी में प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपी—
- धनेश्वर सोनवानी (18 वर्ष), पिता फूलसिंह सोनवानी, निवासी ग्राम गीदपुरी, थाना गीदपुरी, जिला बलौदाबाजार, हाल—रावतपुरा फेस-01, टिकरापारा, रायपुर।
- शिव सिंह ठाकुर (24 वर्ष), पिता दीपक सिंह ठाकुर, निवासी रावतपुरा फेस-02, टिकरापारा, थाना टिकरापारा, रायपुर।
- उकेश बघेल (22 वर्ष), पिता राधेश्याम बघेल, निवासी रावतपुरा फेस-01, स्थायी पता ग्राम चकवे, पोस्ट आरंग, जिला रायपुर।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं और आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है।


