रायपुर 11 फरवरी 2026/सूखे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने एक ऐसी कार्रवाई की है, जिसने विभागीय सख्ती का स्पष्ट संदेश दिया है। जीरो टॉलरेंस नीति के तहत पुलिस ने अपने ही महकमे में पदस्थ एक आरक्षक को प्रतिबंधित मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है,पुलिस के अनुसार आरक्षक हिमांशु बर्मन (34) को चिट्टा (हेरोइन) की बिक्री करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। कार्रवाई के दौरान उसके कब्जे से प्लास्टिक पैकिंग में रखा लगभग 1 ग्राम हेरोइन जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 8 हजार रुपये आंकी गई है। मामले में थाना टिकरापारा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत अपराध क्रमांक 119/26 दर्ज किया गया है।
मुखबिर सूचना पर घेराबंदी
पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि मठपारा क्षेत्र स्थित नीलकंठेश्वर मंदिर के पीछे एक व्यक्ति एक्सिस वाहन में बैठकर नशीले पदार्थ की बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम ने मौके पर घेराबंदी की और संदिग्ध को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसकी पहचान पुलिस लाइन रायपुर में पदस्थ आरक्षक हिमांशु बर्मन के रूप में हुई।
वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) राहुल देव शर्मा की निगरानी में सूखे नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटिल और इशु अग्रवाल के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने ऑपरेशन को अंजाम दिया।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब जब्त मादक पदार्थ के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है तथा संभावित अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी:
हिमांशु बर्मन, पिता – चैतुराम बर्मन
उम्र – 34 वर्ष
निवासी – ग्राम कुण्डा, जिला कबीरधाम
वर्तमान पता – जनता कॉलोनी, पुलिस लाइन रायपुर
इस कार्रवाई को पुलिस महकमे के भीतर जवाबदेही और पारदर्शिता के संकेत के रूप में देखा जा रहा है, जहां कानून से ऊपर कोई नहीं—चाहे वह वर्दीधारी ही क्यों न हो।


