
रायपुर 20 फरवरी 2026/रायपुर कमिश्नरेट के पुलिस लाइन मैदान में शुक्रवार को आयोजित जनरल परेड के दौरान कानून-व्यवस्था की चुनौतियों से निपटने के लिए व्यापक बलवा ड्रिल का अभ्यास किया गया। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन में आयोजित इस परेड में पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल ने उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों की वेशभूषा का निरीक्षण किया। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले के निर्देशन में दंगा जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए मॉक ड्रिल कराई गई।

अभ्यास के दौरान परेड में शामिल बल को विभिन्न दलों में विभाजित किया गया, जिनमें प्रदर्शनकारी दल, कार्यपालक मजिस्ट्रेट दल, अश्रुगैस पार्टी, केन पार्टी, लाठी पार्टी, रिजर्व पार्टी, गिरफ्तारी पार्टी, राइफल पार्टी, प्राथमिक उपचार दल, रिपोर्टर, फोटोग्राफर और पुलिस मुखबिर शामिल रहे। सभी दलों ने समन्वित और अनुशासित तरीके से अपनी-अपनी भूमिका का निर्वहन करते हुए यह दर्शाया कि उग्र भीड़ की स्थिति में किस प्रकार चरणबद्ध कार्रवाई कर हालात पर नियंत्रण पाया जाता है।
अभ्यास के दौरान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) गौरव मंडल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (उत्तर) आकाश मरकाम, सहायक पुलिस कमिश्नर राजेंद्र नगर नवनीत पाटिल, सहायक पुलिस कमिश्नर लाइन नीलेश कुमार द्विवेदी और रक्षित निरीक्षक अनीश सारथी ने जवानों को भीड़ नियंत्रण के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, संयम और कानूनी दायित्वों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही भारतीय न्याय संहिता और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के प्रासंगिक प्रावधानों पर भी चर्चा कर अद्यतन कानूनी ज्ञान से अवगत कराया गया।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल ने अभ्यास के दौरान बल के नेतृत्व और अनुशासन पर संतोष व्यक्त करते हुए आवश्यक सुधार संबंधी निर्देश भी दिए। उत्कृष्ट वेशभूषा वाले अधिकारियों और जवानों को पुरस्कृत कर उत्साहवर्धन किया गया, जबकि निर्धारित मानकों का पालन न करने वालों को चेतावनी दी गई। परेड के उपरांत ओ.आर. पेशी लेकर लंबित प्रकरणों का निराकरण भी किया गया। इस जनरल परेड में जिले के राजपत्रित एवं अराजपत्रित अधिकारी, कर्मचारी और प्रशिक्षु महिला-पुरुष आरक्षकों सहित कुल 530 पुलिसकर्मी शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस बल की व्यावसायिक दक्षता, समन्वय क्षमता और आपात स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया कौशल को और सुदृढ़ करना रहा।


