
रायपुर ग्रामीण 22 फरवरी 2026। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत तिल्दा नेवरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। नगर पालिका गार्डन के पीछे बिना नंबर की काले रंग की स्कूटी से भारी मात्रा में देशी मसाला शराब की तस्करी का खुलासा हुआ है। पुलिस की सख्ती के बाद अब तस्करों की एक-एक कड़ी खोली जा रही है।
मामला 27 जनवरी 2026 का है, जब पुलिस को सूचना मिली कि दो व्यक्ति काले रंग की बिना नंबर स्कूटी में दो बोरियों में अवैध शराब भरकर बिक्री के लिए ले जा रहे हैं। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो दोनों आरोपी स्कूटी और शराब छोड़कर फरार हो गए। तलाशी में 60 पौवा देशी मसाला शराब बरामद की गई। मौके पर आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर वाहन और शराब जब्त कर ली गई।
जांच के दौरान परिवहन विभाग से स्कूटी का पंजीयन नंबर सीजी 04 क्यूडी 4895 प्राप्त किया गया। वाहन स्वामी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने अपने साथी के साथ मिलकर अवैध शराब परिवहन और बिक्री की बात कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश कर दिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवेन्द्र साहू (19 वर्ष), निवासी मोहभट्ठा पारा नेवरा और दुर्गेश देवदास (24 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 03 नेवरा, जिला रायपुर के रूप में हुई है। तिल्दा पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर कानून तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।





