रायपुर 7 मार्च 2026) संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) 2025 के परिणाम में शानदार प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली वैभवी अग्रवाल की सफलता पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय बन गई है। ऑल इंडिया में 35वीं रैंक हासिल करने वाली वैभवी की उपलब्धि ने युवाओं के लिए एक नई मिसाल पेश की है। उनकी इस सफलता पर रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला स्वयं उनके निवास पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर ने कहा कि वैभवी अग्रवाल की मेहनत, लगन और अनुशासन ने उन्हें यह बड़ी सफलता दिलाई है। उनकी उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि वैभवी की सफलता प्रदेश के हजारों युवाओं को सिविल सेवा जैसी कठिन परीक्षा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
सम्मान के दौरान वैभवी अग्रवाल को शुभकामनाएं देते हुए पुलिस अधिकारियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस मौके पर डीसीपी (नॉर्थ) मयंक गुर्जर, एडिशनल डीसीपी (मुख्यालय) डॉ. अर्चना झा सहित पुलिस कमिश्नरेट के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। सभी ने वैभवी की इस ऐतिहासिक सफलता पर गर्व जताते हुए उन्हें बधाई दी। 🎉

