छत्तीसगढ़बिलासपुर

पुलिस द्वारा भारी मात्रा में ड्रग और नशीले पदार्थों का किया गया नष्टीकरण

बिलासपुर 13 मार्च 2026/जिले के विभिन्न थानों में जब्त किए गए मादक पदार्थों का बुधवार को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में विधिवत नष्टीकरण किया गया। जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति की निगरानी में यह कार्रवाई मोहतराई स्थित सुधा बायो पावर प्रा. लिमिटेड के फर्नेस में की गई, जहां मादक पदार्थों को जलाकर और रोलर की मदद से पूरी तरह नष्ट किया गया।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एनडीपीएस एक्ट के तहत जिले के अलग-अलग थानों में दर्ज 67 मामलों में जब्त मादक पदार्थों को सूचीबद्ध कर नष्ट करने की प्रक्रिया पूरी की गई। नष्टीकरण के दौरान कुल 757.603 किलोग्राम गांजा, 16.6 ग्राम एमडीएमए, 12,164 टेबलेट व कैप्सूल, 8,818 इंजेक्शन एम्पुल और 6,468 सिरप को नष्ट किया गया।इससे पहले जिले के सभी थानों के मालखानों में जब्त मादक पदार्थों का रिकॉर्ड तैयार कर उनकी सूची बनाई गई थी। इसके बाद जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति के दिशा-निर्देश में नष्टीकरण की प्रक्रिया को अंजाम दिया गया।वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई नष्टीकरण की यह कार्रवाई उच्च स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति की देखरेख में संपन्न हुई। इस दौरान समिति के अध्यक्ष रजनेश सिंह (पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बिलासपुर), सदस्य पंकज कुमार पटेल (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, शहर), नवनीत तिवारी (सहायक आबकारी आयुक्त, बिलासपुर), क्षेत्रीय पर्यावरण अधिकारी तथा पंचों की उपस्थिति में पूरी प्रक्रिया पूरी की गई।अधिकारियों ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त किए गए मादक पदार्थों को नियमानुसार सुरक्षित तरीके से नष्ट किया जाता है, ताकि उनका दुरुपयोग न हो सके। इसके लिए पर्यावरण मानकों का भी पूरा ध्यान रखा जाता है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है और भविष्य में भी इस तरह के अभियानों को जारी रखा जाएगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!