रायपुर 14 मार्च 2026/सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए आम नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सुरक्षित भव फाउंडेशन द्वारा 16 मार्च 2026 (सोमवार) को एक विशेष सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर रोड सेफ्टी क्लब का भी गठन किया जाएगा, जो आगे चलकर समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य करेगा।

कार्यक्रम दोपहर 3 बजे से आयोजित होगा, जिसमें नागरिकों, युवाओं और विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों द्वारा यातायात नियमों के पालन, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग के महत्व, तेज गति से वाहन चलाने के दुष्परिणाम तथा सड़क दुर्घटना की स्थिति में प्राथमिक सहायता और तत्काल उठाए जाने वाले आवश्यक कदमों के बारे में विस्तार से बताया जाएगा।

इस कार्यक्रम में पुलिस उपायुक्त, रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रतिनिधि तथा सुरक्षित भव फाउंडेशन के चेयरमैन, डायरेक्टर, डिप्टी डायरेक्टर सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य शामिल होंगे। सभी अतिथि सड़क सुरक्षा के महत्व पर अपने विचार साझा करते हुए समाज में सुरक्षित यातायात संस्कृति को बढ़ावा देने का संदेश देंगे।
कार्यक्रम के दौरान सड़क दुर्घटना के पीड़ितों की मदद करने वाले लोगों को सम्मानित भी किया जाएगा। साथ ही युवाओं और नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति निरंतर सक्रिय रखने के उद्देश्य से रोड सेफ्टी क्लब का औपचारिक गठन किया जाएगा, जो समय-समय पर जागरूकता अभियान और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति प्रेरित करेगा।

सुरक्षित भव फाउंडेशन के डायरेक्टर केशव राव ने सभी नागरिकों, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों से इस कार्यक्रम में भाग लेकर सड़क सुरक्षा के संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने की अपील की है।


