रायपुर 21 मई 2026/ खाद गबन की शिकायत ने ऐसा तूल पकड़ा कि सीधे मुख्यमंत्री स्तर से कार्रवाई का आदेश जारी हुआ और कोरिया जिले में सहकारी बैंक के प्रभारी शाखा प्रबंधक पर निलंबन की गाज गिर गई। सुशासन तिहार 2026 के दौरान सामने आई शिकायतों ने प्रशासनिक सिस्टम की पोल खोल दी, जहां जिल्दा समिति खड़गंवा में खाद वितरण में अनियमितता और गबन के आरोपों ने हड़कंप मचा दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कराई गई तो कार्रवाई में भारी लापरवाही उजागर हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने सख्त रुख अपनाते हुए दोषियों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित अंबिकापुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने सहायक लेखापाल एवं प्रभारी शाखा प्रबंधक, नोडल अधिकारी कोरिया श्री कल्लु प्रसाद मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय शाखा बैकुंठपुर, जिला कोरिया तय किया गया है। पूरे घटनाक्रम ने साफ कर दिया है कि अब खाद वितरण जैसी जनहित योजनाओं में गड़बड़ी करने या कार्रवाई में ढिलाई बरतने वालों को किसी भी स्तर पर बख्शा नहीं जाएगा। सरकार लगातार पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशील प्रशासन की बात कर रही है और इस कार्रवाई को उसी नीति का बड़ा संदेश माना जा रहा है। बहरहाल, यह मामला उन अधिकारियों के लिए भी चेतावनी बन गया है जो शिकायतों को हल्के में लेकर फाइलों में दबाने की कोशिश करते हैं।





