भटगांव हादसे में ताहिर की मौत, अकरम गंभीर; नाबालिगों को वाहन देने वालों पर पुलिस की नजर
बिलाईगढ़/भटगांव। भटगांव में शनिवार सुबह रफ्तार का ऐसा कहर देखने को मिला, जिसने एक परिवार को जिंदगीभर का गम दे दिया। तेज रफ्तार अल्टो कार सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में 18 वर्षीय ताहिर खान की मौत हो गई, जबकि उसका साथी अकरम खान गंभीर रूप से घायल है।
कार क्रमांक CG 12 D 5316 में दोनों युवक सवार थे। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार के दौरान अचानक ब्रेक लगाने से कार अनियंत्रित हुई और पेड़ से टकरा गई। मौके पर पहुंची भटगांव पुलिस ने घायलों को बिलाईगढ़ अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने ताहिर को मृत घोषित कर दिया। अकरम को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया।
अब अभिभावकों की भी जिम्मेदारी तय होगी
हादसे के बाद पुलिस ने अभिभावकों को सख्त चेतावनी दी है। पुलिस का कहना है कि नाबालिगों को वाहन देना भारी पड़ सकता है। बिना वैध लाइसेंस वाहन चलाने की अनुमति देने पर दुर्घटना या नियम उल्लंघन की स्थिति में वाहन उपलब्ध कराने वाले अभिभावक भी कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं।
एक हादसा, एक मौत और एक जिंदगी अस्पताल में—भटगांव की यह घटना तेज रफ्तार और कम उम्र में वाहन चलाने के खतरों की गंभीर चेतावनी बन गई है।





