धमतरी 3 जून (आरएनएस) आग की लपटें तेजी से फैल रही थीं, आसपास खतरा मंडरा रहा था और कुछ ही देर में हालात भयावह हो सकते थे, लेकिन धमतरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने एक संभावित बड़े हादसे को होने से पहले ही रोक दिया। धमतरी जिले के संबलपुर बायपास मार्ग पर मंगलवार रात अचानक भीषण आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमा अलर्ट मोड पर आ गया। सूचना प्राप्त होते ही नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चतुर्वेदी के नेतृत्व में अर्जुनी थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लेते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। आग लगातार फैल रही थी और आसपास के क्षेत्र तक पहुंचने का खतरा बढ़ता जा रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, लेकिन उसके पहुंचने से पहले ही पुलिस टीम ने मोर्चा संभाल लिया। सीएसपी धमतरी, थाना प्रभारी अर्जुनी और पुलिस जवानों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करते हुए आग को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। पुलिस की सतर्कता और सूझबूझ का ही परिणाम रहा कि आग को आसपास के हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। इस त्वरित और समन्वित कार्रवाई से जनहानि तथा संपत्ति को होने वाले संभावित भारी नुकसान की आशंका टल गई। धमतरी पुलिस ने एक बार फिर साबित किया कि आपात स्थिति में उसकी सक्रियता और जिम्मेदारी आम लोगों की सुरक्षा की सबसे बड़ी ढाल है। बहरहाल, संबलपुर बायपास की यह घटना याद दिलाती है कि संकट की घड़ी में समय पर उठाया गया एक कदम सैकड़ों जिंदगियों और करोड़ों की संपत्ति को बचा सकता है।






