दंतेवाड़ा 6 जून 2026/ हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर के पास खड़ी दो मोटरसाइकिलें चंद घंटों में गायब हो गईं, लेकिन गीदम पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा कि चोरी का राज खुल गया, आरोपी बेनकाब हो गए और दोनों बाइकें वापस मालिक तक पहुंच गईं। दक्षिण बस्तर में वाहन चोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना गीदम पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की गई दोनों बाइक बरामद कर ली हैं।
मामला 2 जून 2026 का है, जब प्रार्थी ने थाना गीदम पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि उसकी मोटरसाइकिल क्रमांक CG-05-R-0568 और उसके गैरेज में मरम्मत के लिए आई मोटरसाइकिल क्रमांक CG-18-EN-1935 हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर जावंगा के पास खड़ी थीं, जिन्हें अज्ञात चोर उठा ले गए। शिकायत मिलते ही थाना गीदम में अपराध क्रमांक 51/2026 धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में गठित टीम ने मुखबिर सूचना, तकनीकी साक्ष्य और स्थानीय स्तर पर जुटाए गए तथ्यों के आधार पर संदेहियों की पहचान की। पूछताछ में राम मरावी (27 वर्ष), निवासी तोड़ापारा, ईरपानार, जिला कोंडागांव और राम रवानी (19 वर्ष), निवासी जावंगा, थाना गीदम, जिला दंतेवाड़ा ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर दोनों मोटरसाइकिलें चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गई दोनों मोटरसाइकिलें बरामद कर विधिवत जप्त की गईं।
कार्रवाई में उप निरीक्षक शशिकांत यादव, सहायक उप निरीक्षक प्रशांत सिंह, वेद साहू, प्रधान आरक्षक राजकुमार सिंह, प्रधान आरक्षक नथलू कवासी एवं आरक्षक बालचंद गावड़े की महत्वपूर्ण भूमिका रही। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि मामले में अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है।
बहरहाल, यह कार्रवाई साफ संदेश है कि दंतेवाड़ा में चोरी कर बच निकलना आसान नहीं, पुलिस की नजर अपराधियों पर है और कानून का शिकंजा देर-सबेर हर आरोपी तक जरूर पहुंचता है।





