धमतरी 8 जून 2026/ नशे के करोड़ों रुपये के काले कारोबार पर धमतरी पुलिस ने ऐसा वार किया कि अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क की पूरी कड़ी ही उजागर हो गई। श्याम तराई फारेस्ट नाका पर की गई सटीक नाकेबंदी में पुलिस ने 490.818 किलोग्राम गांजा, दो वाहन और मोबाइल फोन समेत कुल 2 करोड़ 60 लाख 75 हजार 900 रुपये की संपत्ति जब्त कर 4 आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई जिले में पिछले चार वर्षों की सबसे बड़ी गांजा जब्ती मानी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान थाना अर्जुनी पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक महेन्द्रा पिकअप वाहन क्रमांक CG-04-QH-0834 और एक मारुति स्विफ्ट कार क्रमांक CG-04-QA-3116 में बड़ी मात्रा में गांजा भरकर चारामा से धमतरी की ओर लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और श्याम तराई फारेस्ट नाका के पास आगे-पीछे से घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोक लिया। तलाशी में 13 प्लास्टिक बोरियों और 96 पैकेटों से 490.818 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत 2 करोड़ 45 लाख 40 हजार 900 रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में नौशाद खान पिता मुन्ना खान (29 वर्ष), मूल निवासी बरनावा, थाना बिनोली, जिला बागपत (उत्तर प्रदेश) एवं वर्तमान निवासी जगदलपुर, करण साहू पिता मनोज कुमार साहू (22 वर्ष), निवासी बोरिया इंटरामार्ट गली नंबर 4, अक्षर विहार, टिकरापारा रायपुर, मोहम्मद शादिक पिता मोहम्मद यूनुस खान (30 वर्ष), निवासी गोकुलनगर, टिकरापारा रायपुर तथा हिमांशु साहू पिता भोजराम साहू (20 वर्ष), निवासी पचपेड़ी नाका, रायपुर शामिल हैं। इनके साथ एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है।
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि तस्कर जगदलपुर क्षेत्र से गांजा लाकर रायपुर और अन्य शहरों में खपाने की तैयारी में थे। बहरहाल, धमतरी पुलिस की यह कार्रवाई नशे के कारोबारियों के लिए साफ चेतावनी है कि अब तस्करी का हर रास्ता पुलिस की पैनी निगाह में है।






