बस्तर 8 जून 2026/ गांजे के अवैध कारोबार पर बस्तर पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा कि एक घर के भीतर छिपाकर रखा गया लाखों रुपये का मादक पदार्थ बाहर आ गया और आरोपी सीधे सलाखों के पीछे पहुंच गया। बस्तर जिले के भानपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम केशरपाल आवासपारा में पुलिस ने दबिश देकर 33.25 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 16 लाख 62 हजार 500 रुपये बताई गई है। मामले में पुलिस ने किशोर बघेल पिता स्वर्गीय सम्पत बघेल, उम्र 36 वर्ष, निवासी केशरपाल आवासपारा थाना भानपुरी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) ii (ग) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार जिले में मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के निर्देशन तथा एसडीओपी भानपुरी प्रवीण भारती एवं डीएसपी संगम राम के पर्यवेक्षण में लगातार कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान 7 जून को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि केशरपाल आवासपारा में एक व्यक्ति अपने घर में गांजा छिपाकर बिक्री की तैयारी कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक हर्ष कुमार धुरंधर के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा। तलाशी के दौरान घर के एक कमरे में रखे नीले प्लास्टिक ड्रम से 33.25 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई में उप निरीक्षक शत्रुधन नाग, सहायक उप निरीक्षक रैनू राम मौर्य, प्रधान आरक्षक किशोर गुप्ता, आरक्षक महेन्द्र शोरी, मनघर कश्यप, गिरधर कुंजाम और महिला आरक्षक राजकुमारी भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बहरहाल, बस्तर पुलिस का संदेश साफ है—नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के लिए अब जिले में बच निकलना आसान नहीं होगा।






