धमतरी 14 जून 2026/ सूने मकानों को निशाना बनाकर लाखों के जेवर और नगदी उड़ाने वाले संगठित चोर गिरोह का धमतरी पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने करीब 24 लाख रुपये मूल्य के सोना-चांदी के आभूषण, नगदी, मोबाइल और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद करते हुए 08 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। गिरोह के साथ चोरी का माल खरीदने वाले और उसे छिपाने में मदद करने वालों पर भी कार्रवाई की गई।
मामला थाना नगरी क्षेत्र का है। जंगलपारा निवासी राधिका साहू ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 5-6 जून 2026 को मातंगी धाम दर्शन के लिए घर से बाहर रहने के दौरान अज्ञात चोरों ने पीछे का दरवाजा खोलकर आलमारी तोड़ी और सोने-चांदी के आभूषण तथा नगदी चोरी कर ली। मामले में थाना नगरी ने अपराध क्रमांक 46/2026 के तहत धारा 305(ए), 331(4), 317(2), 112(2), 3(5) बीएनएस में केस दर्ज किया।
एसपी के निर्देश पर साइबर थाना और नगरी थाना की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर तामेन्द्र यादव उर्फ सोनू (19), लक्की गुप्ता (19), प्रहलाद नेताम उर्फ राहुल (19), हितेश्वर मरकाम उर्फ प्रधान (23), पुष्पजीत खरे उर्फ जीत्तू (18), भावेश कुमार साहू उर्फ मेलोडी (20), नोवल जैन (22) तथा सीमा गुप्ता (40) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने दो बड़ी चोरी की वारदातों और मुख्य आरोपी तामेन्द्र द्वारा मोटरसाइकिल चोरी करना भी स्वीकार किया। जांच में सामने आया कि चोरी के जेवर नोवल जैन को बेचे गए थे, जबकि कुछ सामान सीमा गुप्ता के पास छिपाया गया था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 144.11 ग्राम सोना, 2167.845 ग्राम चांदी, 11,300 रुपये नगद, दो एप्पल मोबाइल, दो वीवो मोबाइल, चोरी में प्रयुक्त लोहे का रॉड और मोटरसाइकिल क्रमांक CG-23-P-6597 बरामद की। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि शेष चोरी के माल की तलाश जारी है।
बहरहाल, धमतरी पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ संदेश दे दिया है कि सूने मकानों पर नजर रखने वाले शातिर अपराधी अब कानून की पकड़ से बच नहीं पाएंगे।






