सुरेश सिंह बैस
बिलासपुर 23 जून 2026/ महिलाओं के गले से सोने की चैन छीनने और लूटपाट की वारदातों को अंजाम देने वाले उड़ीसा के एक अंतर्राज्यीय गिरोह का बिलासपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर थाना तोरवा और सिरगिट्टी क्षेत्र में हुई तीन वारदातों का खुलासा किया है। आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध और आपराधिक षड्यंत्र सहित विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार 15 मई 2026 को तोरवा थाना क्षेत्र के शिवधाम कॉलोनी में एक महिला सुबह अपने घर के बाहर साफ-सफाई कर रही थी। इसी दौरान स्कूटी सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उसके गले से सोने की चैन झपट ली और मौके से फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में विशेष जांच टीम गठित की गई।
सीसीटीवी फुटेज से मिला अहम सुराग
जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। फुटेज में बिना नंबर की नीली स्कूटी पर सवार संदिग्ध युवक नजर आए। इसी बीच सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में भी एक महिला के साथ मारपीट कर चैन लूटने की घटना सामने आई। दोनों मामलों के फुटेज और आरोपियों के हुलिए का मिलान करने पर पुलिस को एक ही गिरोह की संलिप्तता के संकेत मिले।
स्थानीय सहयोगी के जरिए पहुंची गिरोह तक पुलिस
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सिरगिट्टी के गणेश नगर में दबिश देकर नवीन साहू को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि उसने उड़ीसा से अपने साथियों को बिलासपुर बुलाकर अपने घर में ठहराया था। सभी आरोपी मिलकर शहर में महिलाओं को निशाना बनाते हुए चैन स्नैचिंग और लूट की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
नवीन की निशानदेही पर पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने तोरवा और सिरगिट्टी क्षेत्र में तीन महिलाओं को निशाना बनाकर चैन स्नैचिंग और लूट की वारदातें करना स्वीकार किया है।
कई राज्यों में सक्रिय था गिरोह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य उड़ीसा से विभिन्न राज्यों में जाकर स्थानीय सहयोगियों की मदद से महिलाओं को निशाना बनाते थे। पुलिस इस गिरोह की अन्य राज्यों में गतिविधियों की भी जानकारी जुटा रही है।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में शिव सिंह (28), शक्ति प्रसाद (20), नवीन साहू (32), प्रमोद सिंह (30), अतुल मुंडा (18) और बसंता खड़िया (20) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की सफेद स्कूटी भी जब्त की गई है। गिरोह के तीन अन्य फरार सदस्यों की तलाश जारी है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि उनके मोहल्ले या क्षेत्र में बाहर से आकर रहने वाले किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तत्काल पुलिस या नजदीकी थाना को दें। जनसहयोग से ही ऐसी आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण और निगरानी संभव है।





