बिलासपुर 30 जून 2026/ केन्द्रीय विद्यालय सीआरपीएफ बिलासपुर में पर्यावरण संरक्षण एवं मातृ सम्मान को समर्पित ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कार्यक्रम का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों एवं उनकी माताओं ने विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा अपनी माताओं के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना को सुदृढ़ करना था। पौधारोपण के दौरान विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रेरक नारों के माध्यम से हरित भारत का संदेश दिया।
कार्यक्रम में गूंजे प्रेरक नारे—
“एक पेड़ माँ के नाम, हरियाली बने देश की शान।”
“माँ का सम्मान, वृक्षों का संरक्षण—यही है हमारा संकल्प।”
“आज लगाएंगे एक पौधा, कल मिलेगा स्वच्छ और सुंदर भविष्य।”
“पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ; माँ का आशीर्वाद भी पाओ।”
“धरती को हराभरा बनाना है, हर माँ के नाम एक पौधा लगाना है।”
विद्यालय के प्राचार्य रमाकांत कौशिक ने अपने संबोधन में कहा कि एक पौधा केवल पर्यावरण की रक्षा नहीं करता, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ व सुरक्षित भविष्य का आधार भी बनता है। उन्होंने विद्यार्थियों से पौधों की नियमित देखभाल करने और अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम प्रभारी सुनील पाण्डेय ने बताया कि यह अभियान हमें पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति प्रेम के प्रति जागरूक एवं सजग बनाता है। अंत में सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों एवं उनकी माताओं ने पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण का संकल्प लिया। विद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज में मातृ सम्मान की भावना को भी नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएगा।
इस अभियान को सफल बनाने में श्रीमती गुड्डी कुमारी, रवि देवांगन, अशोक देवांगन, मैडम प्राची, संध्या साहू, धर्मेंद्र कौशिक, आकाश आदि की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






