रायपुर 30जुलाई 2026/ राजधानी रायपुर के कृष्णा पब्लिक स्कूल, सरोना में शुक्रवार 31 जुलाई से सीबीएसई पूर्व क्षेत्रीय स्केटिंग प्रतियोगिता 2026 का शुभारंभ होने जा रहा है। चार दिवसीय इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश के पूर्वी क्षेत्र के 290 विद्यालयों के लगभग 1200 छात्र-छात्राएं अपनी स्केटिंग प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम, मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, नागालैंड, मेघालय और त्रिपुरा सहित कई राज्यों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता का पंजीयन कार्य 30 जुलाई को सीबीएसई ऑब्जर्वर एवं रोलर स्केटिंग फेडरेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किशोर भंडारी की मौजूदगी में पूरा किया गया।
सुबह नवा रायपुर में रोड रेस, शाम को सरोना में उद्घाटन
प्रतियोगिता के पहले दिन सुबह 5:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक नवा रायपुर स्थित आई क्लब के सामने रोड रेस का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद शाम 5 बजे कृष्णा पब्लिक स्कूल, सरोना स्थित अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्केटिंग रिंक में रिंक रेस प्रतियोगिता का शुभारंभ होगा।
प्रतियोगिता के उद्घाटन के लिए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव को आमंत्रित किया गया है। वहीं शाम के उद्घाटन समारोह में सीबीएसई रायपुर के क्षेत्रीय अधिकारी जगदीश बर्मन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह में शहर के कई गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहेंगे।
70 इवेंट में होगा रोमांचक मुकाबला
प्रतियोगिता में अंडर-9, अंडर-11, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाएं हिस्सा लेंगी। इनलाइन और क्वाड दोनों वर्गों में कुल 70 स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी।
इनलाइन वर्ग में 300 मीटर टाइम ट्रायल, 500 मीटर रिंक रेस, 1000 मीटर रिंक रेस और 1000 मीटर रोड रेस, जबकि क्वाड वर्ग में 500 मीटर रिंक रेस, 1000 मीटर रिंक रेस और 1000 मीटर रोड रेस के मुकाबले होंगे।
खिलाड़ियों और अभिभावकों के लिए विशेष व्यवस्था
प्रतियोगिता में लगभग 1200 खिलाड़ियों के अलावा करीब 1000 अभिभावक, कोच और टीम मैनेजर भी शामिल होंगे। सभी प्रतिभागियों की सुविधा के लिए कृष्णा पब्लिक स्कूल प्रबंधन ने आवास, भोजन, परिवहन, चिकित्सा और अन्य व्यवस्थाओं हेतु अलग-अलग समितियों का गठन किया है।
छत्तीसगढ़ रोलर स्केटिंग फेडरेशन के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्रा ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में विद्यालय की प्राचार्या डॉ. अर्चना मिश्रा, एडिशनल प्रिंसिपल शुभम मिश्रा, हेड मिस्ट्रेस विनीशा, वाइस प्रिंसिपल प्रियंका शर्मा, खेल विभागाध्यक्ष प्रताप देवांगन सहित विद्यालय का पूरा स्टाफ और आयोजन समिति सक्रिय भूमिका निभा रही है।





