धमतरी, 20 अगस्त (2026)। सोशल मीडिया पर रील बनाने का शौक धमतरी के दो युवकों को महंगा पड़ गया। उप जेल धमतरी के मुख्य द्वार के सामने वीडियो शूट करना उन्हें भारी पड़ा और पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर की गई।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार को थाना सिटी कोतवाली की पेट्रोलिंग टीम को सूचना मिली कि दो युवक उप जेल परिसर के सामने मोबाइल से रील बना रहे हैं। पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें समझाइश देते हुए बताया कि जेल परिसर संवेदनशील एवं सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र है, जहां इस तरह की गतिविधियां उचित नहीं हैं। बावजूद इसके दोनों युवक वहां रील बनाते रहे, जिससे सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी।

इसके बाद पुलिस ने शेख आसिफ (20 वर्ष), निवासी महंत घासीदास वार्ड, धमतरी और जसवंत सिंह हिरा (23 वर्ष), निवासी सुंदरगंज वार्ड, धमतरी के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170/126 एवं 135 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। गिरफ्तारी की सूचना उनके परिजनों को भी दे दी गई।
फिलहाल, धमतरी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जेल, न्यायालय, पुलिस कार्यालय और अन्य संवेदनशील स्थानों के आसपास रील या वीडियो बनाकर सुरक्षा व्यवस्था से खिलवाड़ न करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया के नाम पर कानून-व्यवस्था या सुरक्षा को प्रभावित करने वाले मामलों में आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




