कोरबा 1 सितंबर 2026/ कोरबा शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्मणबंध में एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले उसने मोबाइल पर वीडियो बनाकर अपनी बहनों को भेजा और कमरे की दीवार पर हाथ से सुसाइड नोट लिखकर अपनी बहू को मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी।
मृतका की पहचान लक्ष्मी मानिकपुरी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, घटना से पहले घर में पति, बेटे और बहू के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद से आहत होकर 27 अगस्त को लक्ष्मी ने आत्मघाती कदम उठा लिया। आत्महत्या से पहले बनाया गया वीडियो और दीवार पर लिखा संदेश अब पुलिस जांच का अहम हिस्सा बन गया है।
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि कमरे की दीवार पर मिले हस्तलिखित संदेश में मृतका ने अपनी बहू पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। हैंडराइटिंग विशेषज्ञ से लिखावट की जांच कराई जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, लक्ष्मी मानिकपुरी के पहले पति की कोरोना काल में मृत्यु हो गई थी। पहले विवाह से उसके दो बेटे हैं। बाद में उसने 13 जून 2025 को सामाजिक रीति-रिवाज से कार्तिक दास से दूसरा विवाह किया था। बताया जा रहा है कि परिवार में लंबे समय से तनाव बना हुआ था और बहू पूर्णिमा महंत के साथ अक्सर विवाद होता रहता था।
फिलहाल, पुलिस वीडियो, सुसाइड नोट और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की गहन जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह और संभावित कानूनी जिम्मेदारी स्पष्ट हो सकेगी।




