रायपुर 4 सितम्बर 2026/ भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर छत्तीसगढ़ी फिल्म ‘मोर मयारू, तोर मयारू’ राजधानी रायपुर के श्याम टॉकीज में रिलीज हुई। फिल्म के पहले ही दिन बड़ी संख्या में दर्शक सिनेमाघर पहुंचे और फिल्म को उत्साह के साथ सराहा। फिल्म का निर्माण और निर्देशन भिलाई निवासी युवा निर्माता-निर्देशक मनीष मानिकपुरी ने किया है।
फिल्म के प्रदर्शन के दौरान प्रांतीय मानिकपुरी पनिका समाज छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. ललित कुमार मानिकपुरी, राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कबीर भजन गायक एवं कलाकार विकास संघ छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नवल दास मानिकपुरी सहित समाज के अनेक पदाधिकारी और कला प्रेमी उपस्थित रहे। सभी ने फिल्म का आनंद लिया और निर्माता-निर्देशक मनीष मानिकपुरी सहित पूरी कलाकार टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर डॉ. ललित कुमार मानिकपुरी ने कहा कि ‘मोर मयारू, तोर मयारू’ छत्तीसगढ़ की संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और स्वस्थ मनोरंजन को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने वाली फिल्म है। उन्होंने कहा कि कलाकारों के अनुशासित और प्रभावशाली अभिनय से यह फिल्म दर्शकों को मनोरंजन के साथ सकारात्मक संदेश भी देती है।
उन्होंने छत्तीसगढ़ी सिनेमा के विकास में योगदान देने वाले वरिष्ठ निर्माता लखी सुंदरानी,मोहन सुंदरानी तथा फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने वाले युवा उद्योगपति प्रणय गर्ग के योगदान की भी सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जन्माष्टमी के अवसर पर रिलीज हुई इस फिल्म को छत्तीसगढ़ी सिनेमा के लिए एक सकारात्मक शुरुआत माना जा रहा है।




