महासमुंद/बालोद 3 सितंबर 2026/
प्रांतीय मानिकपुरी पनिका समाज छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. ललित कुमार मानिकपुरी ने 30 एवं 31 अगस्त 2026 को महासमुंद और बालोद जिले के दो दिवसीय प्रवास के दौरान सामाजिक संगठन को मजबूत बनाने, वरिष्ठ समाजजनों से संवाद स्थापित करने तथा पनिका समाज की वर्षों पुरानी मांगों पर रणनीतिक चर्चा की। इस दौरान उन्होंने महासमुंद जिले के ग्राम तेदुमुड़ी (सरायपाली) में वरिष्ठ समाजसेवी श्री श्रीराम दास की दिवंगत धर्मपत्नी श्रीमती गुलापी बाई मानिकपुरी के दशगात्र एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल होकर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।
डॉ. मानिकपुरी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए सद्गुरु कबीर साहेब से प्रार्थना करते हुए परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजन, जनप्रतिनिधि, महंत, दिवान एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। इसके पश्चात उन्होंने आयोजित भोजन भंडारे में भी सहभागिता निभाई।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने ग्राम अमरकोट में वरिष्ठ शिक्षाविद एवं हाईस्कूल प्राचार्य श्री निर्भय दास से सामाजिक विषयों पर चर्चा की। इसके बाद ग्राम नवरंगपुर पहुंचकर महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती तिरीथ कुमारी मानिकपुरी एवं अन्य महिला पदाधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने महिलाओं से सामाजिक एकजुटता बढ़ाने, संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने तथा समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
अपने प्रवास के अंतिम चरण में डॉ. ललित कुमार मानिकपुरी बालोद जिले के गुंडरदेही पहुंचे, जहां उन्होंने सेवानिवृत्त शिक्षक एवं वरिष्ठ समाजसेवी श्री पुरुषोत्तम दास मानिकपुरी से भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान वर्ष 1971 से पूर्व की भांति पनिका जाति को अनुसूचित जनजाति की श्रेणी में पुनर्बहाल करने की लंबित मांग को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। वरिष्ठ समाजसेवी से प्राप्त सुझावों के आधार पर आगामी सामाजिक आंदोलन की रूपरेखा तय करने तथा पूरे प्रदेश में सामाजिक एकता और संगठनात्मक मजबूती के साथ जनसंपर्क अभियान को और प्रभावी बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
साभार : प्रांतीय मानिकपुरी पनिका समाज, छत्तीसगढ़।




