बसना।
महासमुंद जिले के बसना विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत दलदली के आश्रित ग्राम बिलखंड में सामुदायिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सामुदायिक शेड निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि भानुप्रताप पटेल एवं उपसरपंच फागुलाल बरिहा ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भूमिपूजन किया और निर्माण कार्य की शुरुआत कराई।
गांव में सामुदायिक शेड निर्माण कार्य प्रारंभ होने से ग्रामीणों में हर्ष का माहौल है। शेड का निर्माण पूरा होने के बाद ग्रामवासियों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए एक सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा। इसके साथ ही ग्रामसभा, सामाजिक बैठक, पारिवारिक एवं अन्य सामुदायिक आयोजनों के लिए भी यह शेड उपयोगी साबित होगा।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने निर्माण कार्य प्रारंभ होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे गांव के विकास और सामुदायिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में सराहनीय पहल बताया। ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रकार की सुविधाओं से गांव में सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ ही आपसी मेल-जोल और सामूहिक सहभागिता भी मजबूत होगी।
भूमिपूजन एवं निर्माण कार्य के शुभारंभ अवसर पर महात्मा बरिहा, जयनंद बरिहा, विजय भोई, प्रेमसिंह बरिहा, युवा पत्रकार कुंजराम यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने सामुदायिक शेड निर्माण की सौगात मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए संबंधित जिम्मेदारों से निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने की अपेक्षा जताई।





