बसना।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बसना में बीईटीओ श्री एस.एल. सिदार एवं श्री एल.आर. कुलदीप के उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाकाल के उपलक्ष्य में स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी संघ बसना एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना के संयुक्त तत्वावधान में भावभीनी विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में दोनों अधिकारियों की सेवाओं, समर्पण और विभाग के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इस दौरान कई अवसरों पर माहौल भावुक हो उठा और सहकर्मियों की आंखें नम हो गईं।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने दोनों अधिकारियों के सेवाकाल के दौरान स्वास्थ्य विभाग के प्रति उनकी कर्तव्यनिष्ठा, कार्यशैली, समर्पण एवं महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल में दोनों ने जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा से किया और सहकर्मियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्य किया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके साथ बिताए गए अनुभव साझा किए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।
समारोह में मुख्य रूप से बीएमओ डॉ. नारायण साहू, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. होता, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिलाषा गौतम, डॉ. जे.पी. प्रधान सहित समस्त आरएमओ, सेक्टर सुपरवाइजर, आरएचओ, सीएचओ, लैब टेक्नोलॉजिस्ट, फार्मासिस्ट एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पिथौरा ब्लॉक से बीईटीओ श्री अवस्थी एवं श्री विपिन प्रधान तथा सरायपाली ब्लॉक से श्री डोलमणि भोई एवं श्री सुरेश पटेल विशेष रूप से शामिल हुए। सभी अतिथियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए विदाई ले रहे अधिकारियों के सेवाकाल की प्रशंसा की और उनके आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का कुशल संचालन महासमुंद जिला अध्यक्ष श्री विनय प्रधान ने किया। वहीं ब्लॉक अध्यक्ष बसना श्री धर्मेंद्र कर ने सभी अतिथियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह का वातावरण आत्मीयता, सम्मान और भावुकता से सराबोर रहा। सहकर्मियों ने कहा कि स्थानांतरण अथवा सेवाकाल का पड़ाव भले ही कार्यस्थल बदल देता है, लेकिन वर्षों तक साथ काम करने से बने आत्मीय रिश्ते और यादें हमेशा दिलों में बनी रहती हैं। दोनों अधिकारियों की सेवाएं और उनका सहयोग लंबे समय तक याद किया जाएगा।





