विकल्प का कोई विकल्प नहीं’ के भावुक उद्गारों के बीच पत्रकारों ने साझा किए संस्मरण, दो मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि
रायपुर 31 अक्टूबर 2026/ आकाशवाणी समाचार शाखा के उपनिदेशक एवं रायपुर प्रेस क्लब के आत्मीय सदस्य रहे स्वर्गीय विकल्प शुक्ला को रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में भावभीनी विदाई दी गई। इस दौरान पत्रकारों, मीडिया कर्मियों और उनके परिजनों ने उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। सभा में मौजूद लोगों ने उनसे जुड़ी यादें साझा करते हुए उनके व्यक्तित्व, कार्यशैली और आत्मीय व्यवहार को याद किया।
वक्ताओं ने कहा कि विकल्प शुक्ला केवल एक दक्ष समाचारकर्मी नहीं थे, बल्कि वे हंसमुख, मिलनसार और बहुआयामी प्रतिभा के धनी थे। खबरों की गहरी समझ, हिंदी भाषा पर मजबूत पकड़, शब्दों का सटीक चयन और मधुर आवाज उनकी विशेष पहचान थी। गंभीर पत्रकारिता के साथ उनका चुटीला अंदाज और हाजिरजवाबी हर महफिल में मुस्कान बिखेर देती थी। संगीत और अभिनय के प्रति उनका लगाव भी उनके व्यक्तित्व को विशिष्ट बनाता था।
वरिष्ठ पत्रकार बाबूलाल शर्मा ने उन्हें सहज, सरल और आत्मीय व्यक्तित्व का धनी बताया। अनिरुद्ध दुबे ने उनकी समाचारों की बारीक समझ, काम के प्रति समर्पण और संगीत-अभिनय से जुड़ी प्रतिभा को याद किया। एजाज केसर ने कहा कि विकल्प शुक्ला की हाजिरजवाबी और लोगों को हंसाने का अंदाज हमेशा याद आएगा। प्रकाश चंद होता ने हिंदी भाषा पर उनकी पकड़ और मधुर आवाज को उनकी खास पहचान बताया।
वरिष्ठ पत्रकार विभाष झा ने भावुक संस्मरण साझा करते हुए कहा कि ‘विकल्प का कोई विकल्प नहीं’। उन्होंने कहा कि विकल्प शुक्ला खबरों की समझ और अपनी आवाज के दम पर अलग पहचान रखते थे। उनकी सबसे बड़ी खूबी यह थी कि वे सहकर्मियों के साथ औपचारिक नहीं, बल्कि पारिवारिक रिश्ता बनाते थे। शगुफ्ता शिरीन, रोमा सेन गुप्ता और राहुल सिन्हा ने भी उनके आत्मीय व्यवहार, संगीत प्रेम और कला के प्रति अनुराग को याद किया।
प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी ने कहा कि विकल्प शुक्ला प्रेस क्लब परिवार के ऐसे सदस्य थे, जिनकी सहजता, सौम्यता और प्रतिभा हमेशा याद रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब ने एक कुशल मीडिया कर्मी के साथ ही एक जिंदादिल और आत्मीय साथी खो दिया है। उनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।
श्रद्धांजलि सभा में प्रेस क्लब महासचिव गौरव शर्मा, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव भूपेश जांगड़े एवं निवेदिता साहू, कार्यकारिणी सदस्य संदीप पुराणिक सहित वरिष्ठ पत्रकार विजय मिश्रा, उमेश मिश्रा, सुकांत राजपूत, प्रफुल्ल ठाकुर, मनीष वोरा, सनत तिवारी, प्रदीप चंद्रवंशी, बल्ला तिवारी, काशी प्रसाद, मधुमिता राव, आकाशवाणी-दूरदर्शन के कर्मचारी, प्रेस क्लब के सदस्य और स्वर्गीय शुक्ला के परिजन उपस्थित रहे।
सभा के अंत में सभी उपस्थितजनों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।




