बैकुंठपुर कोरिया 1 नवम्बर 2026/ शादी का झांसा देकर आठ वर्षों तक महिला का दैहिक शोषण करने के गंभीर आरोप में कोरिया पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। करीब डेढ़ महीने से गिरफ्तारी से बच रहा आरोपी जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण में पुलिस के हत्थे चढ़ा।
पुलिस के मुताबिक, थाना अजाक कोरिया में अपराध क्रमांक 12/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 और एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(v) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज है। पीड़िता ने शिकायत में बताया कि आरोपी शादी का भरोसा दिलाकर आठ वर्षों से उसका शारीरिक शोषण कर रहा था। आरोप है कि 14 सितंबर 2026 को उसने आखिरी बार इस घटना को अंजाम दिया। इसके बाद से वह फरार था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोरिया हरीश राठौर के निर्देश पर डीएसपी नेलशन कुजूर के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। पुलिसकर्मियों ने आरोपी की लोकेशन का पता लगाकर 29 अक्टूबर 2026 को शिवरीनारायण में दबिश दी और उसे पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान अरुण कुमार साहू (45 वर्ष), पिता बुल्लू राम साद, निवासी ग्राम खोरसी, थाना शिवरीनारायण, जिला जांजगीर के रूप में हुई है। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक शिव कुमार मिंज, आरक्षक भानु प्रताप और चालक आरक्षक अनुज बखला की अहम भूमिका रही। पुलिस की कार्रवाई के बाद आरोपी अब जेल में है।





