बिलासपुर 25 जून 2026/ पुलिस अधिकारियों को पैसा देने के नाम पर एक व्यक्ति को डरा-धमकाकर लाखों रुपये की उगाही करने के मामले में तारबाहर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, महासमुंद जिले के सरायपाली थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहदा निवासी रूपेश पटेल ने तारबाहर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 19 जून 2026 को वह निजी काम से बिलासपुर आया था। इस दौरान दो महिला मित्रों के साथ हुए विवाद के कारण वह थाना तारबाहर पहुंचा था। इसी बीच उसने अपने मित्र सचिन मेहर को फोन कर विवाद की जानकारी दी। आरोप है कि सचिन मेहर और जांजगीर-चांपा जिले के चांपा निवासी सुमित देवांगन ने इस स्थिति का फायदा उठाते हुए रूपेश के परिजनों को फोन किया और पुलिस अधिकारियों को पैसा देने का हवाला देकर 5 लाख रुपये की मांग की।शिकायत के अनुसार, डर के कारण परिजनों ने एक लाख रुपये सुमित देवांगन के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद आरोपी लगातार चार दिनों तक शेष 4 लाख रुपये देने के लिए फोन पर धमकियां देते रहे। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में तारबाहर थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र अनंत के नेतृत्व में टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी सुमित कुमार देवांगन (36 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।पूछताछ में आरोपी ने प्रार्थी के परिजनों से एक लाख रुपये अपने खाते में प्राप्त करना तथा बाद में वह रकम अन्य आरोपी के खाते में ट्रांसफर करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार, मामले के अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।





