रायपुर 23 जून 2026/ कोरबा चैतुरगढ़ स्थित मां महिषासुर मर्दिनी मंदिर और पूरे पर्यटन क्षेत्र के विकास को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल तब सामने आई, जब मंदिर ट्रस्ट और क्षेत्र के समाजसेवियों के प्रतिनिधिमंडल ने देर रात मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से उनके रायपुर स्थित निवास में मुलाकात की। इस सौजन्य भेंट में न केवल क्षेत्र के विकास संबंधी मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया, बल्कि आगामी नवरात्रि पर्व में चैतुरगढ़ आगमन का विशेष निमंत्रण भी दिया गया, जिसे मुख्यमंत्री ने सहर्ष स्वीकार कर लिया।
मंगलवार, 22 जून 2026 की रात्रि लगभग 10:30 बजे हुई इस मुलाकात का नेतृत्व चैतुरगढ़ मां महिषासुर मर्दिनी मंदिर ट्रस्ट कमेटी के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता पाली निवासी प्रभुलाल चौहान ने किया। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को मां महिषासुर मर्दिनी का स्मृति चिन्ह भेंट कर आशीर्वाद स्वरूप सम्मानित किया। इसके बाद चैतुरगढ़ को पर्यटन और आस्था के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने, क्षेत्रीय सुविधाओं के विस्तार तथा जनहित से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई और मांगपत्र सौंपा गया।
भेंटवार्ता में भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री एवं वरिष्ठ समाजसेवी शिव कुमार चौहान, ट्रस्ट सदस्य विष्णु दुबे, सौरभ दुबे, अधिवक्ता यतींद्रनाथ मिश्रा, प्रांतीय मानिकपुरी पनिका समाज के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. ललित कुमार मानिकपुरी तथा युवा समाजसेवी केतन टांक सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
बहरहाल, मुख्यमंत्री का चैतुरगढ़ आने का निमंत्रण स्वीकार करना क्षेत्र के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। अब लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आस्था और पर्यटन के इस ऐतिहासिक केंद्र को विकास की नई सौगात कब और कितनी मिलती है।











