धमतरी 7 मई 2026/ आईपीएल मैच के रोमांच के बीच धमतरी में मोबाइल स्क्रीन पर चल रहे करोड़ों के सट्टे के खेल पर पुलिस ने ऐसा वार किया कि ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क का पूरा चेहरा सामने आ गया। लाइव मैच में हार-जीत का दांव लगाकर अवैध कमाई कर रहे युवक को सिटी कोतवाली पुलिस ने रंगे हाथ पकड़ लिया और रेड्डीअन्ना वेबसाइट के जरिए संचालित हो रहे ऑनलाइन सट्टा रैकेट का खुलासा कर दिया। पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में जिलेभर में अवैध जुआ, ऑनलाइन सट्टा और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आमातालाब रोड स्थित यादव भवन के पास एक युवक मोबाइल फोन के जरिए आईपीएल टी-20 क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की और गवाहों की मौजूदगी में मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान संस्कार ग्वाल पिता रमेश यादव उम्र 25 वर्ष निवासी रामसागरपारा धमतरी को संदिग्ध हालत में पकड़ा गया। जब पुलिस ने उसके मोबाइल की जांच की तो Realme C-55 फोन में Reddyanna.com वेबसाइट पर बनाई गई आईडी के जरिए आईपीएल मैचों में रुपये-पैसे का दांव लगाया जा रहा था। पूछताछ में आरोपी ने खुद स्वीकार किया कि वह अपने स्टेट बैंक धमतरी खाते के माध्यम से पैसों का लेन-देन कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10 हजार रुपये कीमत का Realme C-55 मोबाइल, 1 लाख 20 हजार रुपये कीमत की Jupiter 125 स्कूटी क्रमांक CG-05-AR-7569 और 1600 रुपये नगद जब्त किए। कुल 1 लाख 31 हजार 600 रुपये की संपत्ति पुलिस ने अपने कब्जे में ली। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7(क) के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने यह भी बताया कि इससे पहले भी ऑनलाइन आईपीएल सट्टे से जुड़े तीन अलग-अलग मामलों में मुख्य आरोपियों सहित अन्य लोगों पर सख्त कार्रवाई की जा चुकी है और पूरे नेटवर्क पर लगातार तकनीकी निगरानी रखी जा रही है। धमतरी पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि जिले में कहीं भी अवैध जुआ या ऑनलाइन सट्टे की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें ताकि ऐसे नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके। फिलहाल, आईपीएल के नाम पर चल रहे ऑनलाइन सट्टे के इस काले कारोबार पर धमतरी पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है और अब स्क्रीन के पीछे बैठकर खेल खेलने वालों की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है।






