बिलासपुर। शहर में भीषण गर्मी के बीच मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। एक निजी अस्पताल से मरीज को स्ट्रेचर पर ही सड़क पार कर सोनोग्राफी सेंटर ले जाया गया, जिससे स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के अनुसार मिश्रा नर्सिंग होम से मरीज को सोनोग्राफी के लिए भेजा गया, लेकिन इसके लिए एम्बुलेंस या समुचित व्यवस्था उपलब्ध नहीं कराई गई। परिजन मरीज को स्ट्रेचर पर लिटाकर बीच सड़क से लेकर जाते दिखाई दिए। चिलचिलाती धूप में मरीज को बचाने के लिए केवल छाते का सहारा लिया गया, जो स्थिति की गंभीरता और लापरवाही को दर्शाता है। हैरानी की बात यह रही कि स्ट्रेचर के पीछे एक एम्बुलेंस भी चल रही थी, बावजूद इसके मरीज को उसमें शिफ्ट नहीं किया गया। घटना की तस्वीरें सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी है और संबंधित अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठने लगी है।


