बिलासपुर। सिटी कोतवाली क्षेत्र के सराफा शोरूम में नकली सोने को असली बताकर ठगी करने का प्रयास करने वाले दंपती को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित महिला अपने पति और बच्चे के साथ पहुंची थी और ज्वेलरी दुकान में नकली जेवर खपाने की कोशिश कर रही थी। मैनेजर की बातें सुनकर महिला दुकान से भाग गई थी। सीसीटीवी फुटेज से उसकी पहचान कर उसे व उसके पति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार, लीला ज्वेलरी के मैनेजर जलेश कुमार आहिरे दुकान पर थे, तभी महिला अपने बच्चे के साथ वहां पहुंची। महिला ने एक जोड़ी टाप्स और अंगूठी दिखाकर उसे 18 कैरेट सोने का बताया और बदले में नए जेवर मांगे। शक होने पर जब मैनेजर ने मशीन से जांच कराई, तो सोना कम क्वालिटी का निकला। मैनेजर ने अपने मालिक को घटना की सूचना दी। इस दौरान महिला ने मैनेजर की बात सुन लिया और अपने साथ लाए गए नकली गहने लेकर फरार हो गई।सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस ने प महिला को पकड़कर उसकी पहचान पूनम वर्मा के रूप में की और हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है। आरोपी के पति संजय वर्मा को भी पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया है।आरोपितों का काम करने का तरीका शातिराना था। परिवार सहित ग्राहक बनकर शोरूम में घुसते थे, ताकि उन पर कोई शक न करे। बच्चे के साथ होने के कारण ज्वेलर्स अक्सर उन पर भरोसा कर लेते थे। पुलिस अब इनसे पूछताछ कर रही है कि इन्होंने शहर की और कितनी दुकानों को इसी तरह अपना शिकार बनाया है।





