बसना/महासमुंद।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि बसना विकासखंड का ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक स्थल गढ़फूलझर आने वाले समय में छत्तीसगढ़ के प्रमुख पवित्र धाम के रूप में विकसित होगा। गुरु नानक देव जी की पावन स्मृतियों से जुड़े इस ऐतिहासिक स्थल को आस्था, अध्यात्म, पर्यटन और सामाजिक समरसता के केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने नानकसागर के विकास के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की। साथ ही सर्वसुविधायुक्त अंबेडकर भवन एवं सार्वजनिक उद्यान निर्माण की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री श्री साय शुक्रवार को गढ़फूलझर में सिख समाज द्वारा आयोजित विशेष कीर्तन समागम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने गुरु नानक देव जी की पावन स्मृतियों से जुड़े ऐतिहासिक स्थल पर मत्था टेककर आशीर्वाद लिया तथा शबद कीर्तन में शामिल होकर श्रद्धा व्यक्त की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए गौरव और सौभाग्य की बात है कि गुरु नानक देव जी का पावन आगमन इस धरती पर हुआ था। उस समय यहां के राजा भैंना ने पांच एकड़ भूमि दान में दी थी। आज इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक विरासत को संरक्षित करते हुए इसका विकास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गढ़फूलझर में सिख समाज, कोलता समाज, आदिवासी समाज सहित सर्वसमाज के लिए ऐसा पवित्र धाम विकसित किया जाएगा, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए आस्था, संस्कृति, सद्भाव और सामाजिक एकता का प्रेरणास्रोत बनेगा।

गुरु नानक देव जी का संदेश मानवता के लिए प्रेरणास्रोत
मुख्यमंत्री ने सिख समाज की सराहना करते हुए कहा कि सिख समाज स्वाभिमानी, परोपकारी और परिश्रमी समाज है। गुरु नानक देव जी ने पूरी मानवता को प्रेम, समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। सिख समाज की लंगर परंपरा इसका जीवंत उदाहरण है, जहां जाति, धर्म, ऊंच-नीच और छोटे-बड़े का कोई भेदभाव नहीं होता। सभी लोग एक साथ बैठकर भोजन करते हैं। यह परंपरा मानवता और समानता के मूल्यों को मजबूत करती है।
उन्होंने कहा कि गढ़फूलझर और नानकसागर का विकास भी इन्हीं आदर्शों के अनुरूप किया जा रहा है। नानकसागर अपनी ऐतिहासिक पहचान और प्रसिद्धि की ओर अग्रसर है। इसके विकास के लिए एक करोड़ रुपये की घोषणा के साथ अंबेडकर भवन और सार्वजनिक उद्यान का निर्माण क्षेत्र के विकास को नई दिशा देगा।
गढ़फूलझर की ऐतिहासिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर मिलेगी प्रतिष्ठा : संपत अग्रवाल
बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि गढ़फूलझर का ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व अत्यंत गौरवशाली है। जिस प्रकार छत्तीसगढ़ भगवान श्रीराम के ननिहाल के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है, उसी प्रकार गुरु नानक देव जी की पावन स्मृतियां भी गढ़फूलझर और नानकसागर से जुड़ी हुई हैं। लगभग 500 वर्ष पूर्व गुरु नानक देव जी ने यहां प्रवास कर समय बिताया था। यह स्थल धार्मिक आस्था के साथ-साथ हमारी ऐतिहासिक विरासत का भी महत्वपूर्ण केंद्र है।
उन्होंने कहा कि गढ़फूलझर एवं नानकसागर का सर्वांगीण विकास कर इसे पर्यटन, अध्यात्म और सामाजिक सद्भाव के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और गढ़फूलझर की ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक पहचान राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित होगी।
कार्यक्रम में जत्थेदार बाबा साहिब सिंह, राज्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह सवन्नी, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा सहित सिख समाज एवं सर्वसमाज के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।







