छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में 16 वर्षीय लड़की का अपहरण कर गैंगरेप:एक्स बॉयफ्रेंड समेत 3 लड़कों ने रात भर किया दुष्कर्म, ब्रेकअप होने से था नाराज

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में 16 साल की लड़की का अपहरण कर गैंगरेप करने का मामला सामने आया है। मंगलवार की शाम एक्स बॉयफ्रेंड समेत 3 युवकों ने उसे बाइक पर बैठाया और सूने मकान में ले जाकर बंधक बना लिया। तीनों ने पूरी रात उसके साथ दुष्कर्म किया। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

टीआई विजय चौधरी ने बताया कि लड़की प्राइवेट जॉब करती है। शाम को काम करने के बाद अपने घर जा रही थी। उसी समय उसके परिचित का युवक अपने दो साथियों के साथ पहुंचा। उससे बातचीत करते हुए उसे अपनी बातों में उलझाकर साथ चलने का झांसा दिया। फिर बाइक पर उसे बैठाकर एक मकान में ले गए।

मारपीट कर बदमाशों ने किया गैंगरेप

इधर, पूरी रात घर नहीं पहुंचने से परेशान परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। बदमाशों के चंगुल से छूटकर बुधवार की सुबह लड़की जब अपने घर पहुंची, तब उसने आपबीती बताई। उसने बताया कि तीन लड़के उसे उठाकर ले गए थे। रात में उसे बंधक बना लिया गया और कमरे का दरवाजा बंद कर उसके साथ मारपीट की और दुष्कर्म किया।

दो पकड़ाए, तीसरे की तलाश जारी

टीआई विजय चौधरी ने बताया कि इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने बदमाश लड़कों के ठिकानों पर दबिश दी, जहां से दो लड़कों को पकड़ लिया गया है। पकड़े गए दोनों लड़के भी नाबालिग है। फिलहाल, पुलिस उनसे पूछताछ कर तीसरे युवक की तलाश कर रही है।

अफेयर और ब्रेकअप से नाराज एक्स बॉयफ्रेंड

टीआई चौधरी ने कहा कि लड़की का एक आरोपी के साथ अफेयर चल रहा था। बाद में लड़की ने उससे ब्रेकअप कर लिया। जिससे वो नाराज हो गया। किसी दूसरे लड़के से बातचीत करने का आरोप लगाकर वह लड़की को अपने साथ ले गया। उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर उसके साथ गैंगरेप किया।

Related Articles

Back to top button