बिलासपुर 13 जून 2026 /रात की महफिल पूरे शबाब पर थी, ढाबे में खुलेआम जाम छलक रहे थे, तभी चकरभाठा पुलिस की अचानक हुई दबिश ने पूरा माहौल बदल दिया। पुलिस ने बालाजी ढाबा में अवैध रूप से शराब पिलाने की व्यवस्था का खुलासा करते हुए संचालक समेत छह लोगों पर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की। कार्रवाई के बाद इलाके के ढाबा संचालकों में हड़कंप मच गया।
12 जून 2026 को चकरभाठा थाना पुलिस होटल और ढाबों की विशेष जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान टीम बालाजी ढाबा पहुंची, जहां जांच में पाया गया कि ढाबा संचालक अशोक जोतवानी (51 वर्ष), पिता जीवत राम जोतवानी, निवासी चकरभाठा कैंप ग्राहकों को अवैध रूप से शराब पीने की सुविधा उपलब्ध करा रहा था। पुलिस ने मौके पर हर्ष श्रीवास (25), निवासी उसलापुर, अभिषेक कुमार सिंह (23), निवासी यदुनंदन नगर तिफरा, राजीव दुबे (29), निवासी वार्ड क्रमांक-2 बोदरी, मयंक सिंह (27), निवासी यदुनंदन नगर और बिट्टू कौशिक (28), निवासी वार्ड क्रमांक-2 बोदरी को सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते हुए पकड़ लिया।
मौके पर ही पुलिस ने ढाबा संचालक के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 36(ग) तथा शराब का सेवन कर रहे पांचों व्यक्तियों के खिलाफ धारा 36(च) के तहत वैधानिक कार्रवाई की। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन और अवैध रूप से शराब पिलाने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
चकरभाठा पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध शराब बिक्री, शराब पिलाने या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल स्थानीय थाना या डायल-112 पर सूचना दें। बहरहाल, पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ संदेश दे दिया है कि ढाबे की आड़ में कानून तोड़ने वालों पर अब सीधे कार्रवाई होगी, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।






