धमतरी 10 मई 2026/ शराब भट्ठी के ठीक बगल में खोमचे से खुलेआम चल रहे अवैध शराब कारोबार पर धमतरी पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा कि इलाके में हड़कंप मच गया, रूद्री पुलिस की ताबड़तोड़ रेड में 51 पौवा देशी प्लेन शराब, बिक्री रकम और अवैध कारोबार का पूरा खेल मौके पर ही पकड़ लिया गया। धमतरी पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में अवैध शराब, मादक पदार्थ, जुआ-सट्टा और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के बीच थाना रूद्री पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सोरम स्थित शराब भट्ठी के पास बने एक खोमचे में चोरी-छिपे देशी प्लेन शराब बेची जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देर किए मौके पर दबिश दी और वहां मौजूद आरोपी धर्मेंद्र गायकवाड पिता जीवन लाल उम्र 25 वर्ष निवासी हटकेशर शीतला पारा धमतरी थाना कोतवाली जिला धमतरी को घेराबंदी कर पकड़ लिया। जांच के दौरान आरोपी किसी भी वैध दस्तावेज के बिना शराब बिक्री करते मिला। पुलिस ने मौके से 51 पौवा देशी प्लेन शराब, बिक्री रकम सहित कुल 4,180 रुपये मूल्य की सामग्री गवाहों के सामने विधिवत जब्त की। कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ थाना रूद्री में धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। धमतरी पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब कारोबारियों, आदतन अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार पैनी नजर रखी जा रही है और आने वाले दिनों में भी ऐसे अड्डों पर इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। बहरहाल, पुलिस की इस रेड ने साफ कर दिया है कि अब अवैध शराब का धंधा करने वालों के लिए धमतरी में बच निकलना आसान नहीं होगा।






