बीजापुर, 11 नवंबर 2026। बीजापुर पुलिस ने माओवादियों की एक बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए करकेली से बेदरे मार्ग पर सड़क किनारे कच्ची पगडंडी से करीब 5 किलोग्राम वजनी टिफिन प्रेशर IED बरामद किया। समय रहते विस्फोटक मिलने से क्षेत्र में संभावित खतरा टल गया।
पुलिस के अनुसार, माओवादियों द्वारा पूर्व में लगाए गए इस IED को करकेली-बेदरे मार्ग के किनारे कच्चे पगडंडी रास्ते में छिपाकर रखा गया था। सूचना मिलने के बाद थाना बेदरे पुलिस एवं बीडीएस (बम निरोधक दस्ता) की टीम मौके पर पहुंची और इलाके को सुरक्षित करते हुए बम निरोधक कार्रवाई शुरू की।
बीडीएस टीम के जवानों ने निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं और सावधानियों का पालन करते हुए IED को सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया। जांच में सामने आया कि विस्फोटक को प्रेशर स्विच सिस्टम से तैयार किया गया था, जिससे रास्ते से गुजरने वाले व्यक्ति या वाहन के दबाव में आने पर विस्फोट होने का खतरा था।
पुलिस की सतर्कता और बीडीएस टीम की त्वरित कार्रवाई से एक संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया। बीजापुर पुलिस द्वारा माओवादी गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है तथा संवेदनशील मार्गों और क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की सतर्कता बढ़ाई गई है।





