छत्तीसगढ़ के कई जिलों में आज भी बारिश:रायपुर,सरगुजा,बिलासपुर और बस्तर संभाग में अलर्ट; 14 अप्रैल तक गर्मी से रहेगी राहत

छत्तीसगढ़ में बारिश होने के कारण दिन में लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने अगले 3 घंटों में रायपुर समेत कबीरधाम, मुंगेली, पेंड्रा, राजनांदगांव, बेमेतरा, बालोद, और दुर्ग जिलों में कुछ जगहों पर तेज हवा और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
बुधवार को डोंगरगढ़ में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 39.1 रिकॉर्ड किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री नारायणपुर में दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आज सरगुजा, बिलासपुर और बस्तर संभाग के जिलों में भी बारिश की संभावना जताई है।

रायपुर में रात को हल्की बारिश हुई
बुधवार को राजधानी रायपुर में भी तापमान 36 डिग्री के पार पहुंच गया है। वहीं, रात को तेज अंधड़ के साथ हल्की बारिश हुई। आज सुबह से रायपुर और आसपास के जिलों में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने 14 अप्रैल तक प्रदेश में यलो अलर्ट जारी किया है।
अगले दो दिन बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में आज अगले दो दिन एक-दो स्थानों पर ही बारिश के आसार हैं। दो दिन बाद गरज-चमक के साथ कुछ स्थानों पर बारिश होगी। इस दौरान अंधड़ के साथ 30-40 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चलेगी। प्रदेश में पिछले तीन-चार दिनों से कई जगहों पर जोरदार बारिश हो रही है।

गरियाबंद में ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान गरियाबंद में सबसे ज्यादा 9.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। राजनांदगांव में 5.4 मिमी बारिश दर्ज हुई है। बाकी स्थानों पर बादल छाए रहे, लेकिन हल्की बौछारें पड़ीं।

बारिश से बढ़ी किसानों की चिंता
हल्की बारिश से उमस भरी गर्मी से राहत जरूर मिली है, लेकिन बेमौसम बरसात ने किसानों की फसलों के नुकसान होने की चिंता बढ़ा दी है। मौसम विभाग के मुताबिक वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) और समुद्र से आ रही नमी के कारण ऐसा बदलाव देखने को मिल रहा है। बारिश से प्रदेश के सभी हिस्सों में दिन का तापमान लुढ़का है।
शहरों का तापमान
शहर | अधिकतम तापमान | सामान्य से अंतर |
रायपुर | 36.3 डिग्री | -2 डिग्री |
रायपुर (माना) | 36 डिग्री | -3 डिग्री |
बिलासपुर | 35.8 डिग्री | -4 डिग्री |
अंबिकापुर | 35 डिग्री | -1 डिग्री |
पेंड्रा | 35.1 डिग्री | -1 डिग्री |
राजनांदगांव | 38 डिग्री | |
दुर्ग | 35.6 | -5 डिग्री |
जगदलपुर | 36 डिग्री | -1 डिग्री |