छत्तीसगढ़

होली खेल रहे थे युवक, हेड कॉन्स्टेबल ने चलाई गोली:बिलासपुर में बटालियन का प्रधान आरक्षक अरेस्ट; हत्या की कोशिश का केस दर्ज

बिलासपुर में होली के दौरान रंग-गुलाल उड़ाते युवक पर बटालियन के हेड कॉन्स्टेबल ने बंदूक से फायर कर दिया, जिससे युवक घायल हो गया है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हवलदार पुलकेश नापित के खिलाफ हत्या की कोशिश का केस दर्ज कर लिया है। घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र के मल्हार चौकी की है।

मल्हार निवासी पीयूष सिंह सोमवार शाम अपने दोस्तों के साथ होली खेलने निकला था। वह रेस्ट हाउस रोड पर दोस्तों के साथ रंग-गुलाल खेल रहा था। इसी दौरान सकरी स्थित दूसरी बटालियन में पदस्थ हेड कॉन्स्टेबल पुलकेश नापित भी वहां पहुंच गया। उसके कंधे पर बंदूक थी। उसने होली खेल रहे युवकों से विवाद शुरू कर दिया, जिस पर युवकों ने उसे मना किया, लेकिन वह नहीं माना।

राइफल से चलाई दो गोली, युवक घायल
इसके बाद हेड कॉन्स्टेबल ने कंधे से बंदूक उतारी और फायर करने लगा। एक गोली पीयूष के बगल से होकर निकली। मिस फायर होने के बाद उसने दूसरी गोली चलाई, जो पीषूष के सीने में जा लगी, और वो गिर गया। इस घटना के बाद आसपास के लोगों ने उसे इलाज के लिए मस्तूरी अस्पताल पहुंचाया।

ASP बोलीं- चिड़ीमार बंदूक से चलाई गोली
गोली चलने की खबर मिलते ही पुलिस अफसर भी सकते में आ गए। जिसके बाद एडिशनल एसपी ग्रामीण अर्चना झा, डीएसपी उड्‌डयन बेहार, थाना प्रभारी रवींद्र अनंत मौके पर पहुंचे। एएसपी ने कहा कि पूछताछ में पता चला है कि हेड कॉन्स्टेबल ने चिड़ीमार बंदूक से गोली चलाई है, जिसके चलते युवक को ्मामूली चोट लगी है।

फिर भी पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी हेड कॉन्स्टेबल पुलकेश नापित को पकड़ लिया है और बंदूक भी जब्त कर ली है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!