रायपुर, 24 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 25 अगस्त को बालोद जिले के विकासखंड मुख्यालय डौण्डीलोहारा स्थित लाल रघुवीर सिंह स्टेडियम में आयोजित बिहान दीदी एवं स्व-सहायता समूह सम्मान समारोह में महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त की राशि जारी करेंगे। इस अवसर पर राज्य की 67 लाख 28 हजार 918 महिलाओं के बैंक खातों में 631 करोड़ 38 लाख 37 हजार 700 रुपये की राशि सीधे अंतरित की जाएगी।
रक्षाबंधन से पहले महिलाओं को यह राशि सौगात के रूप में प्रदान की जा रही है। महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह मिलने वाली आर्थिक सहायता महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के साथ-साथ स्वास्थ्य, पोषण और परिवार की जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
योजना की राशि का उपयोग अनेक महिलाएं बेटियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सुकन्या समृद्धि योजना में निवेश करने के साथ-साथ छोटे व्यवसाय एवं अन्य आर्थिक गतिविधियों में भी कर रही हैं। अब तक इस योजना के तहत 30 किस्तों में महिलाओं को 19 हजार 444 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है।
सितंबर 2026 की देय 31वीं किस्त का भुगतान सामान्यतः सितंबर माह में होना था, लेकिन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को विशेष सौगात देते हुए यह राशि पहले ही उनके खातों में अंतरित करने का निर्णय लिया है।




