
बिलासपुर। सारंगढ़ बिलाईगढ़ में अपर कलेक्टर के पद पर पदस्थ 2019 बैच के आईएएस प्रकाश सर्वे नगर निगम बिलासपुर के नए आयुक्त बनाए गए हैं। श्री सर्वे की पोस्टिंग इससे पहले कभी भी बिलासपुर में नहीं रही। उन्होंने कहा कि बिलासपुर को स्वच्छ, सुंदर बनाना पहली प्राथमिकता होगी। लोगों को सड़क, पानी, नाली जैसी मूलभूत सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हों, इसका पूरा ख्याल रखा जाएगा। पूरे शहर में विकास कार्यों को आगे बढ़ाया | जाएगा और सभी के सहयोग के साथ काम किया जाएगा। नव नियुक्त निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे ने कहा कि लोगों की समस्या को कम करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए जाएंगे कि वह शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करें, जिससे लोगों को आफिसों के चक्कर बार-बार न लगाने पड़े। उन्होंने यह भी कहा कि शासन की सभी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाएगा तथा विकास कार्यों को गति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहेगा।
सभी के साथ मिलकर काम करेंगे
नव नियुक्त निगम आयुक्त श्री सर्वे ने कहा कि वे प्रशासन, जनता और अन्य विभागों के साथ सहयोग से काम करने को प्राथमिकता देंगे, ताकि शहर के विकास खासकर मूलभूत सुविधाओं जैसे क्षेत्रों में सुधार हो सके और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो। उन्होंने कहा कि वे अकेले काम करने के बजाय सभी विभागों और नागरिकों के साथ मिलकर समस्याओं का समाधान करेंगे। नागरिकों और उनकी समस्याओं को समझना और उनके साथ मिलकर समाधान खोजने का प्रयास किया जाएगा।






