
सुरेश सिंह बैस -बिलासपुर,मुंगेली नाका क्षेत्र में सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक महिला और एक युवती गंभीर रुप से घायल हो गईं। यह घटना सुबह करीब 11:30 बजे हुई। घायलों की पहचान सकरी निवासी दीपांजलि साहू और वसुंधरा नगर निवासी ममता साहू के रूप में की गई है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक कार तेज रफ्तार में मुंगेली नाका रोड की ओर आ रही थी। कार ने पहले एक ई-रिक्शा को टक्कर मारी, जिससे उसका टायर फट गया। इसके बाद अनियंत्रित कार ने स्कूटी पर सवार महिलाओं को जोरदार टक्कर मार दी। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत सिम्स अस्पताल पहुंचाया। वहां दोनों का इलाज चल रहा है। पुलिस ने क्षेत्र में यातायात बहाल कर दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरु कर दी है। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों और संबंधित पक्षों से पूछताछ शुरु कर दी है।





