
रायपुर 22 फरवरी 2026। खेल के मैदान से समाज को बड़ा संदेश देने की अनूठी पहल करते हुए रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित स्वर्गीय कुलदीप निगम स्मृति इंटरप्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान 22 टीमों के कप्तानों का स्नेहिल मिलन एवं सम्मान समारोह भावनात्मक और प्रेरक माहौल में संपन्न हुआ। क्रिकेट की ऊर्जा के बीच सड़क सुरक्षा का ऐसा संकल्प लिया गया, जिसने पूरे कार्यक्रम को सामाजिक सरोकार से जोड़ दिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य सिर्फ ट्रॉफी जीतना नहीं, बल्कि जिंदगी बचाने का संदेश देना था। पुलिस–पत्रकार साझेदारी के इस विशेष अभियान में सभी 22 कप्तानों को हेलमेट भेंट कर सुरक्षित ड्राइविंग की शपथ दिलाई गई। मंच से साफ कहा गया कि खेल की असली जीत तभी है, जब हर खिलाड़ी और नागरिक सुरक्षित घर लौटे।
स्वर्गीय कुलदीप निगम का असामयिक निधन सड़क दुर्घटना में हुआ था। उनकी स्मृति में आयोजित इस आयोजन ने भावनाओं को भी झकझोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि हेलमेट सिर्फ नियम नहीं, बल्कि जीवन रक्षा का कवच है। “सुरक्षा ही सच्ची श्रद्धांजलि” का संदेश पूरे समारोह में गूंजता रहा।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात) विवेक शुक्ल, सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) सतीष ठाकुर और गुरुजीत सिंह ने कहा कि मीडिया समाज का मार्गदर्शक होता है और जब पत्रकार स्वयं सड़क सुरक्षा का संदेश देंगे, तो उसका असर दूर तक दिखाई देगा। अधिकारियों ने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट की अनिवार्यता और यातायात नियमों के कड़ाई से पालन की अपील की।
सम्मानित कप्तानों में अनिल पुसदकर,मोहन तिवारी, मृगेंद्र पांडेय,राम अवतार तिवारी, रामेश्वर मिश्रा (आईबीसी 24), पार्थ (एस जर्नो), चंदन साहू (नवभारत), कौशल स्वर्णबेर (दैनिक भास्कर), मोहित सेंगर (डीबी डिजिटल), देवेंद्र द्विवेदी (पत्रिका), संजय बनवासी (हरिभूमि), मनोज सिंह बघेल (लल्लूराम डॉट कॉम), संजीत (स्वदेश), जितेंद्र सिंह दहिया, इम्तियाज अंसारी, रामप्रसाद दूबे, विक्रम साहू, शंभू राही, सरनजीत सिंह तेतरी, ताकेश्वर साहू, निशा द्विवेदी और शुभ्रा नंदी शामिल रहे।
कार्यक्रम में प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा भारतीय, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू और भूपेश जांगड़े सहित बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे। आयोजन समिति के संयोजक विजय मिश्रा तथा आयोजक राजेंद्र निगम, संदीप पुराणिक, वीरेंद्र शर्मा, अशोक दीवान, अख्तर हुसैन और बल्ला तिवारी संतोष साहू ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समापन के अवसर पर यह संकल्प दोहराया गया कि सड़क सुरक्षा अभियान सिर्फ एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि सतत सामाजिक आंदोलन बनेगा। क्रिकेट के इस मंच से दिया गया संदेश साफ था—“हेलमेट पहनें, सुरक्षित रहें, क्योंकि हर जिंदगी अनमोल है।”





