छत्तीसगढ़रायपुर

सरकारी नौकरी का झांसा, फर्जी अपॉइंटमेंट लेटर से 2.34 करोड़ की ठगी, मास्टरमाइंड समेत चार आरोपी जेल भेजे गए

 

रायपुर, 19 फरवरी 2026। राजधानी में पोस्ट ऑफिस में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 52 बेरोजगार युवाओं से करीब 2 करोड़ 34 लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन की टीम ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 96/2026 के तहत दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में नरेश मनहर पिता भरत लाल मनहर (उम्र 24 वर्ष), निवासी ग्राम ताल देवरी, थाना बिर्रा, जिला जांजगीर-चांपा, हाल पता सेक्टर-08 शिव मंदिर के पास, पंडरी, जिला रायपुर; भुवनेश्वर बंजारे पिता गीताराम बंजारे (उम्र 26 वर्ष), निवासी छुहड़ा घासीदास चौक के पास, थाना बिलाईगढ़, जिला सारंगढ़, हाल पता केनरा बैंक एटीएम के सामने, बबली फैन्सी स्टोर्स गली, थाना विधानसभा, जिला रायपुर; हीरा दिवाकर पिता पारस राम दिवाकर (उम्र 31 वर्ष), निवासी ग्राम ताल देवरी, थाना बिर्रा, जिला जांजगीर-चांपा, हाल पता सेक्टर-08 शिव मंदिर के पास, पंडरी, जिला रायपुर; तथा राकेश रात्रे पिता समारू राम रात्रे (उम्र 33 वर्ष), निवासी ग्राम ताल देवरी, थाना बिर्रा, जिला जांजगीर-चांपा, हाल पता सेक्टर-08 शिव मंदिर के पास, पंडरी, जिला रायपुर शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने खुद को दिल्ली पोस्ट ऑफिस का डायरेक्टर बताकर पोस्ट मास्टर और पोस्टमैन पद पर भर्ती कराने का झांसा दिया। बेरोजगार युवाओं को भरोसा दिलाने के लिए फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार कर डाक के माध्यम से भेजे गए, जिससे पूरी प्रक्रिया असली प्रतीत हो। नियुक्ति के नाम पर अलग-अलग किश्तों में मोटी रकम वसूली गई और कुल 2.34 करोड़ रुपये की ठगी की गई।
छापेमारी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 2 स्मार्ट फोन, 1 लैपटॉप, कलर प्रिंटर, नोट गिनने की मशीन, कंप्यूटर सेटअप, फर्जी नियुक्ति पत्र, नकली सील-सिक्के और बैंक दस्तावेज बरामद किए गए। जांच में करीब 40 लाख रुपये के बैंक लेन-देन का खुलासा हुआ है। चारों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 335, 336(2), 340(1), 340(2) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस अन्य संभावित पीड़ितों और गिरोह से जुड़े लोगों की तलाश में जुटी है।
DocScanner 19 Feb 2026 5-12 pm

Related Articles

Back to top button